भोपाल, 16 मार्च।
मध्य प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर तथा उज्जैन जैसे प्रमुख शहरों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 16 और 17 मार्च तक तेज गर्मी का प्रभाव बना रहेगा, जबकि 18 और 19 मार्च को प्रदेश के कई जिलों में वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर देखने को मिला, जिसके कारण आसमान में बादल छाए रहे और तापमान में करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि यह प्रणाली अब कमजोर पड़ चुकी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 17 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका प्रभाव 18 और 19 मार्च को मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है और कहीं-कहीं वर्षा भी हो सकती है।
रविवार को ग्वालियर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री, दतिया में 32.4 डिग्री, छिंदवाड़ा में 36 डिग्री, सिवनी में 35.6 डिग्री, मंडला में 37.2 डिग्री और बालाघाट में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई स्थानों पर शाम तक वर्षा नहीं हुई, लेकिन बादल छाए रहने से तापमान में हल्की गिरावट देखी गई। पिछले तीन दिनों से लू का असर झेल रहे नर्मदापुरम में भी तापमान गिरकर 38.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
वहीं बड़े शहरों में भोपाल में 36.4 डिग्री, इंदौर में 35.5 डिग्री, ग्वालियर में 32.6 डिग्री, उज्जैन में 35.5 डिग्री और जबलपुर में 35.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस वर्ष अप्रैल और मई के महीने सबसे अधिक गर्म रह सकते हैं। इस दौरान ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है।



