रांची, 13 मार्च।
झारखंड में मार्च महीने की शुरुआत से ही मौसम साफ होने के साथ तापमान में तेज वृद्धि देखने को मिल रही है। राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में गर्मी बढ़ने लगी है।
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दो-तीन दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री की और वृद्धि हो सकती है।
शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में तापमान 36 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। सबसे गर्म जिले चाईबासा, सरायकेला और जमशेदपुर रहे। चाईबासा में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री, सरायकेला में 37.2 डिग्री और जमशेदपुर में 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने 17 मार्च तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 39.2 डिग्री और सबसे कम तापमान गुमला में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रांची में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम 17.4 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 37.5 और न्यूनतम 23.3 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 39.2 और न्यूनतम 17.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 35.1 और न्यूनतम 17.5 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम 37.4 और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।



