जयपुर,13 मार्च।
राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से जारी तेज गर्मी के बीच गुरुवार को मौसम के मिजाज में हल्का बदलाव देखने को मिला। जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के अधिकांश जिलों के साथ ही बीकानेर और जोधपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में बादल छाने से दिन के तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई और हीटवेव से आंशिक राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आगामी 10 से 12 दिनों के दौरान दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इन सिस्टम के प्रभाव से कई जिलों में बादल छाने, हल्की बारिश या बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने की स्थिति बन सकती है। इससे अगले दो सप्ताह तक प्रदेश में तापमान सामान्य बने रहने की उम्मीद है।
गुरुवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान कोटा में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बाड़मेर में पिछले दिनों 40 से 41 डिग्री के बीच चल रहा तापमान घटकर 39.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
राजधानी जयपुर में सुबह से आसमान में हल्के बादल दिखाई दिए, जिसके कारण दोपहर की धूप का असर कम रहा। दोपहर बाद से शाम तक हल्की धूलभरी हवाएं भी चलीं, जिससे शहर के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार पहला पश्चिमी विक्षोभ 14 मार्च से सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 14 और 15 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ सहित आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी, हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
इसके बाद दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 19 से 21 मार्च के बीच सक्रिय होने की संभावना है। इस दौरान भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बादल छाने के साथ आंधी और हल्की वर्षा की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार इन दोनों सिस्टम के प्रभाव से 23-24 मार्च तक प्रदेश में तापमान सामान्य रहने और भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।



