लखनऊ, 13 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अपने विमान बेड़े में इटली की लियोनार्डो कंपनी का एडवांस अगस्ता वेस्टलैंड एडब्ल्यू 139 हेलीकॉप्टर शामिल किया है। इसकी बेहतरीन उन्नत एवियोनिक्स, क्रैश सेफ्टी सिस्टम और अन्य खूबियों के कारण राज्य सरकार ने इसे खरीदा है। मुख्यमंत्री योगी इसी हेलीकॉप्टर से राम नगरी अयोध्या गए थे, तभी से यह चर्चा में आया।
विशेषज्ञों के अनुसार इस हेलीकॉप्टर में कई खासियतें हैं जो इसे अन्य हेलीकॉप्टरों से अलग बनाती हैं। इसे सामान्य पायलट नहीं उड़ा सकते, बल्कि इसके संचालन के लिए विशेष दक्षता वाले पायलट की जरूरत होती है। इसी कारण तीन पायलट कैप्टन अमित कुमार भूटानी, कैप्टन अक्षय जायसवाल और कैप्टन राजेश कुमार शर्मा को इटली भेजकर तकनीकी और अन्य पहलुओं की ट्रेनिंग दिलाई गई। इसमें इंस्ट्रुमेंट ट्रेनिंग के साथ-साथ क्रिटिकल कंडिशन में इमरजेंसी लैंडिंग का प्रशिक्षण भी शामिल था। इस प्रशिक्षण पर 50.40 लाख रुपये खर्च किए गए।

अगस्ता वेस्टलैंड एडब्ल्यू 139 हेलीकॉप्टर की अधिकतम रफ्तार लगभग 310 किमी प्रति घंटे है और यह खराब मौसम और रात में भी उड़ान भरने में सक्षम है। इसकी बॉडी बुलेटप्रूफ है और जरूरत पड़ने पर इसमें मशीनगन फिट करने की सुविधा भी है।
हेलीकॉप्टर में दो पायलट के साथ 15 लोग सफर कर सकते हैं। इसका केबिन 8.3 फीट चौड़ा और 6.1 फीट ऊंचा है। इसमें तीन शक्तिशाली इंजन लगे हैं, जिसमें एक इंजन बंद होने पर दूसरे का इमरजेंसी में उपयोग किया जा सकता है। हेलीकॉप्टर में क्रैश सेफ्टी सिस्टम, डिजिटल ग्लास काकपिट और साउंडप्रूफ केबिन जैसी सुविधाएं भी हैं। इसकी खासियत यह भी है कि यह उड़ान के दौरान हवा में इंजन ईंधन भरने में सक्षम है।
अगस्ता वेस्टलैंड एडब्ल्यू 139 को अब लियोनार्डो एडब्ल्यू 139 के नाम से जाना जाता है। इसे इतालवी कंपनी अगस्ता वेस्टलैंड ने विकसित किया और अब यह कंपनी लियोनार्डो का हिस्सा है। इस विमान की कीमत 100 करोड़ रुपये है।



