हरिद्वार, 28 फरवरी 2026।
भारतीय जनता पार्टी जिला हरिद्वार द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक और वैचारिक मजबूती का संदेश दिया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, सुशासन और समग्र मानव दर्शन के सिद्धांतों के आधार पर आत्मनिर्भर, समावेशी और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध भारत का निर्माण करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का मूल उद्देश्य समाज के सबसे वंचित वर्गों के उत्थान पर केंद्रित है, विशेष रूप से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने विकेंद्रीकृत प्रयासों, सक्रिय भागीदारी और स्थानीय स्तर पर सहानुभूतिपूर्ण नेतृत्व के माध्यम से शासन और जनता के बीच दूरी कम करने पर जोर दिया, ताकि विकास और कल्याण समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।
नगर विधायक मदन कौशिक ने कहा कि अंत्योदय की विचारधारा से प्रेरित यह अभियान विकास के लाभों को समाज के सबसे कमजोर वर्ग तक पहुंचाने के संकल्प को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठनात्मक कार्यक्षमता बढ़ाते हैं और कार्यकर्ताओं को जमीनी समस्याओं को समझने में सक्षम बनाते हैं।
जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि इस तरह की कार्यशाला संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के विकास के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि कार्यशाला ने स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और रणनीतिक योजना तैयार करने का प्रभावी मंच प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आगे पार्टी का ध्यान जनता से संवाद मजबूत करने और संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने पर रहेगा।
इस अवसर पर हरिद्वार किरण जैसल, राज्य मंत्री डॉ जयपाल चौहान, पूर्व राज्य मंत्री विमल कुमार, संदीप गोयल, विकास तिवारी, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, निपेंद्र चौधरी, आशु चौधरी, संदीप अग्रवाल, तरुण नय्यर, सीमा चौहान, रीता चमोली, योगेश चौहान, संजीव कुमार, अजय गुप्ता, विक्रम भुल्लर, राजबीर कश्यप, तेलुराम प्रधान, विवेक चौहान, प्रमोद चौहान, मोहित वर्मा, प्रणव यादव सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन भाजपा नेत्री अन्नू कक्कड़ ने किया।



