नई दिल्ली, 07 मार्च।
महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर 9 से 12 मार्च तक अमेरिका की यात्रा पर रहेंगी। इस दौरान वह संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित महिलाओं की स्थिति पर गठित आयोग के 70वें सत्र में हिस्सा लेंगी।
महिलाओं की स्थिति पर आयोग लैंगिक समानता को प्रोत्साहित करने और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कार्य करने वाला एक प्रमुख वैश्विक अंतर-सरकारी मंच है।
इस यात्रा के दौरान सावित्री ठाकुर आयोग की चर्चा में भारत का पक्ष रखेंगी। इसके साथ ही वह “महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ हिंसा” विषय पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक को भी संबोधित करेंगी।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अनुसार अपने संबोधन में मंत्री महिला-नेतृत्व वाले विकास, न्याय तक बेहतर पहुंच तथा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए भारत द्वारा की गई पहलों को सामने रखेंगी।
मंत्री एक साइड इवेंट में भी भाग लेंगी, जिसका विषय “महिला-नेतृत्व वाला विकास और दक्षिण-दक्षिण सहयोग फंड की सफलता की कहानियां” रखा गया है।
यह कार्यक्रम न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की ओर से आयोजित किया जा रहा है। इसमें भारत-ब्राज़ील-दक्षिण अफ्रीका फंड के अंतर्गत चलाए गए सफल विकास सहयोग कार्यक्रमों को प्रदर्शित किया जाएगा, विशेष रूप से वे पहल जो महिलाओं के सशक्तीकरण और ग्लोबल साउथ के देशों में समावेशी विकास को मजबूत करने पर केंद्रित हैं।
सीएसडब्ल्यू के 70वें सत्र के प्रमुख विषयों में सभी महिलाओं और बालिकाओं के लिए न्याय तक पहुंच को सुनिश्चित और मजबूत करना शामिल है। इसके तहत समावेशी और समान कानूनी व्यवस्था को बढ़ावा देना, भेदभावपूर्ण कानूनों, नीतियों और प्रथाओं को समाप्त करना तथा संरचनात्मक बाधाओं को दूर करने पर चर्चा की जाएगी।
समीक्षा विषय के अंतर्गत सार्वजनिक जीवन में महिलाओं की पूर्ण और प्रभावी भागीदारी, निर्णय-निर्माण में उनकी भूमिका और महिलाओं व बालिकाओं के खिलाफ हिंसा के उन्मूलन की दिशा में हुई प्रगति का भी आकलन किया जाएगा। यह 65वें सत्र के सहमति निष्कर्षों के अनुरूप होगा।



