नई दिल्ली, 24 फरवरी 2026।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता की 78वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि जयललिता एक करिश्माई नेता थीं, जिन्होंने तमिलनाडु के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में गहरी छाप छोड़ी। उन्होंने मजबूत इच्छाशक्ति और प्रशासनिक दक्षता के साथ महिलाओं के सशक्तीकरण, गरीबों के उत्थान और समावेशी विकास के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं लागू कराईं। उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा और उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।
गृहमंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि गरीबों के कल्याण और महिलाओं के सशक्तीकरण के प्रति जयललिता की प्रतिबद्धता ने तमिलनाडु के विकास को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा यह सुनिश्चित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
उल्लेखनीय है कि 24 फरवरी 1948 को जन्मी और 5 दिसंबर 2016 को निधन को प्राप्त जयललिता, जिन्हें अम्मा के नाम से भी जाना जाता था, एक भारतीय अभिनेत्री, राजनीतिज्ञ और समाजसेवी थीं। उन्होंने 1991 से 2016 के बीच करीब 14 वर्षों तक छह बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।



