बागपत, 11 मार्च।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दोघट थाना क्षेत्र के शादी समारोह में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बाहवड़ी गांव निवासी विवेक उर्फ विक्की के रूप में हुई है। वह बाहवड़ी की पूर्व प्रधान बबली का पति और कुख्यात बदमाश सागर मलिक का चाचा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार विवेक उर्फ विक्की शादी समारोह में शामिल होने आया था, तभी हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हत्या कर दी। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी आपसी रंजिश की आशंका जताई है।
सूत्रों के अनुसार मृतक विक्की के भतीजे सागर ने पूर्व प्रधान देवेंद्र की मुजफ्फरनगर कोर्ट में हत्या कर दी थी और इसके बदले में सागर के चाचा विवेक उर्फ विक्की की हत्या की गई। इस मामले में बाहवड़ी के पूर्व प्रधान बिजेंद्र के बेटे प्रिंस का नाम सामने आ रहा है।
दोघट थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर प्रिंस, रजत, लोकेन्द्र और एक महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपितों की तलाश जारी है। एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने बताया कि हत्या के मामले में एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।



