जींद, 6 मार्च।
सदर थाना सफीदों क्षेत्र में एक मंदबुद्धि युवक के साथ कुकर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ कुकर्म सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। परिजनों का आरोप है कि वारदात से पहले युवक के हाथ-पांव बांध दिए गए थे और जब वे मौके पर पहुंचे तो वह लहूलुहान हालत में पड़ा था। फिलहाल सदर थाना सफीदों पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
सदर थाना सफीदों क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने शुक्रवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई मंदबुद्धि है। उसने बताया कि फाग के दिन बुधवार देर शाम गांव का ही जयनारायण उसके भाई को बहला-फुसलाकर नहर की पटरी की ओर ले गया। वहां पहुंचकर आरोपित ने उसके भाई के हाथ और पांव बांध दिए।
परिजनों के अनुसार इसी दौरान आरोपित ने युवक के साथ कुकर्म किया। घटना के दौरान पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर उसका ममेरा भाई मौके पर पहुंच गया। उसे आता देख आरोपित जयनारायण वहां से फरार हो गया। इसके बाद लहूलुहान हालत में पड़े युवक के हाथ-पांव खोले गए और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित युवक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित जयनारायण के खिलाफ कुकर्म समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजेश ने शुक्रवार को बताया कि कुकर्म किए जाने की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



