कोलकाता, 17 फरवरी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद अधीर रंजन चौधरी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर पवित्र रमजान माह और ईद-उल-फितर के अवसर पर विशेष प्रशासनिक एवं सामाजिक व्यवस्थाओं की मांग की है। अपने पत्र में चौधरी ने कहा कि यह पर्व मुस्लिम समुदाय के लिए अत्यंत धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है, इसलिए त्योहार के दौरान जनहित और सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों पर चावल, दाल, चीनी, खजूर और अन्य आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त आपूर्ति और रियायती दर सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने बाजार में आवश्यक वस्तुओं और फलों की असामान्य मूल्य वृद्धि रोकने हेतु विशेष निगरानी कार्यदल गठित करने का सुझाव दिया।
चौधरी ने इफ्तार और सेहरी के समय बिजली आपूर्ति और स्वच्छ पेयजल की सुविधा सुनिश्चित करने की भी मांग की। उन्होंने ईद से पहले अतिरिक्त रेल और सरकारी बस सेवाएं चलाने, महत्वपूर्ण परीक्षाओं के समय समायोजन, रोजा रखने वाले कर्मचारियों के लिए कार्यालय समय में बदलाव और ईद पर न्यूनतम तीन दिन सरकारी अवकाश की सिफारिश की। उनका कहना है कि इससे दूरदराज से आए लोग अपने परिवार के साथ त्योहार मना पाएंगे और सामाजिक सौहार्द को बल मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मांगें किसी विशेष सुविधा के लिए नहीं, बल्कि त्योहार में प्रशासनिक संवेदनशीलता और नागरिक सहयोग के प्रतीक हैं।



