पानीपत, 13 मार्च।
हरियाणा महिला आयोग के समन के बावजूद बॉलीवुड रैपर बादशाह शुक्रवार को आयोग के समक्ष पेश नहीं हुए। उनकी ओर से उपस्थित वकीलों ने बताया कि पूर्व निर्धारित व्यावसायिक प्रतिबद्धताओं के कारण वह आयोग में उपस्थित नहीं हो सके। वकीलों ने अगली बार पेश होने का समय लेने की अनुमति मांगी।
महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने इस पर सख्त लहजे में कहा कि बादशाह यदि दोपहर तीन बजे तक आयोग में उपस्थित नहीं हुए, तो उनके खिलाफ कड़ा कार्रवाई की जाएगी।
बादशाह के गाने 'टटीरी' में महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग और स्कूली लड़कियों का फिल्मांकन किए जाने के चलते उन्हें छह मार्च को नोटिस जारी किया गया था और शुक्रवार को पानीपत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था।
बादशाह की ओर से तीन वकीलों का पैनल आयोग में पेश हुआ। एडवोकेट अक्षय दहिया ने बताया कि पेश हुए वकील बादशाह की ओर से अपना पक्ष रख रहे हैं और उन्होंने पहले ही माफी का वीडियो अपलोड कर सार्वजनिक किया है। उन्होंने कहा कि बादशाह का उद्देश्य हरियाणा का नाम ऊपर उठाना है और गलतियां सभी से हो जाती हैं, लेकिन वह अपराधी नहीं हैं।
रेनू भाटिया ने वकीलों को स्पष्ट किया कि समन रैपर के खुद हाजिर होने के लिए जारी किया गया है और उन्हें अपनी सफाई स्वयं देनी होगी।



