लिवरपूल, 24 फरवरी।
प्रीमियर लीग 2025-26 के मुकाबले में मैनचेस्टर यूनाइटेड ने एवर्टन को 1-0 से हराकर महत्वपूर्ण तीन अंक हासिल किए। टीम की जीत में सुपर सब बेंजामिन सेस्को ने एक बार फिर निर्णायक भूमिका निभाई और मैदान पर उतरने के 13 मिनट बाद ही गोल दाग दिया।
सेस्को ने पिछले चार मैचों में तीसरी बार बेंच से आकर गोल किया। उन्होंने 71वें मिनट में शानदार फिनिश के साथ गेंद को गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड के पार पहुंचाया, जो मैच का सबसे बेहतरीन मूव रहा। आक्रमण की शुरुआत मैथियस कुन्हा की लंबी पास से हुई, जिसे ब्रायन म्बेउमो ने नियंत्रित कर सटीक पास सेस्को को दिया और उन्होंने बिना गलती किए गेंद को गोल में बदल दिया। अंतरिम कोच माइकल कैरिक ने इस गोल को आत्मविश्वास से भरा और निर्णायक फिनिश बताया।
मैच में ज्यादातर समय दोनों टीमों की डिफेंस लाइन मजबूत रही और भारी पिच के कारण खेल की गति धीमी रही। मैनचेस्टर यूनाइटेड ने जवाबी हमलों में अपनी क्षमता दिखाते हुए मिले एकमात्र मौके को गोल में बदला।
इस जीत के बाद चौथे स्थान पर मौजूद मैनचेस्टर यूनाइटेड ने चेल्सी और लिवरपूल पर तीन अंकों की बढ़त बना ली है और टीम एस्टन विला से तीन अंक पीछे है। 13 जनवरी से रुबेन अमोरिम की जगह जिम्मेदारी संभालने वाले कैरिक की टीम लगातार छह मैचों से अजेय बनी हुई है।
दूसरी ओर, एवर्टन की हार से यूरोपीय प्रतियोगिताओं में जगह बनाने की उम्मीदों को झटका लगा है। टीम नौवें स्थान पर खिसक गई है और चेल्सी व लिवरपूल से आठ अंक पीछे हो गई है। कोच डेविड मोयेस ने कहा कि टीम ने अच्छा प्रयास किया, लेकिन जवाबी हमले में गोल खाकर गुणवत्ता की कमी के कारण मौके नहीं भुना सकी।



