पूर्वी सिंहभूम, 11 मार्च।
झारखंड के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता दुलाल भुईयां ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
भुईयां ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनना तय है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का अहंकार भी टूट जाएगा।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की वर्तमान सरकार आम नागरिकों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिसके कारण आम लोग काफी परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पा रही है, जिसके चलते लोगों के बीच असंतोष तेजी से बढ़ रहा है।
भुईयां ने हाल ही में राष्ट्रपति के पश्चिम बंगाल दौरे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी या राज्य सरकार का कोई भी मंत्री प्रोटोकॉल के तहत उनका स्वागत करने नहीं पहुंचा। उन्होंने इस घटना को लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक पदों के प्रति अनादर बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना से पश्चिम बंगाल समेत पूरे देश के आदिवासी समाज में नाराजगी देखने को मिल रही है, क्योंकि द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्गों के सामाजिक तथा आर्थिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उनका कहना था कि केंद्र सरकार की कई योजनाओं का लाभ इन वर्गों तक पहुंच रहा है, जबकि पश्चिम बंगाल की सरकार इन समुदायों के विकास के प्रति गंभीर दिखाई नहीं देती।
उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को व्यापक समर्थन मिलने की संभावना है।



