पूर्व मेदिनीपुर, 12 मार्च।
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व मंत्री और तमलुक के विधायक सौमेन महापात्र की सुरक्षा व्यवस्था में कमी किए जाने को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। प्रशासन द्वारा उनकी सुरक्षा घटाए जाने के बाद विभिन्न तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पांशकुड़ा स्थित विधायक के आवास पर तैनात छह पुलिसकर्मियों को वापस बुला लिया गया है। इसके साथ ही उनके निजी सुरक्षा अधिकारी को भी हटा दिया गया है। इस बारे में बुधवार शाम स्वयं विधायक सौमेन महापात्र ने जानकारी दी। फिलहाल उनकी सुरक्षा में कोलकाता पुलिस के दो कर्मी और पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस का एक जवान तैनात है।
तमलुक के विधायक होने के अलावा सौमेन महापात्र विधानसभा की लोकल फंड स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष भी हैं। मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद भी उन्हें अब तक ‘पायलट कार’ सहित उच्चस्तरीय सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही थी। ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले उनकी सुरक्षा में अचानक कमी को राजनीतिक विश्लेषक अहम मान रहे हैं।
इस संबंध में पूछे जाने पर सौमेन महापात्र ने कहा कि उनकी सुरक्षा क्यों कम की गई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने बताया कि इस विषय में उन्होंने पार्टी नेतृत्व को अवगत करा दिया है और 12 मार्च (गुरुवार) को मीडिया के सामने इस पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे।
इस घटनाक्रम के बाद तमलुक और आसपास के क्षेत्रों में सत्तारूढ़ दल के अंदरूनी समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।



