मेदिनीपुर, 16 मार्च।
पश्चिम बंगाल में आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी बीच पूर्व मेदिनीपुर जिले के खेजुरी विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार के नाम को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पार्टी की ओर से अभी तक किसी उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन क्षेत्र के कई स्थानों पर तृणमूल उम्मीदवार के रूप में रबीन चंद्र मंडल का नाम दीवारों पर लिखा हुआ दिखाई दे रहा है।
सोमवार सुबह जब दीवार लेखन की तस्वीरें सामने आईं तो पूरे इलाके में राजनीतिक हलचल बढ़ गई। चौराहों, बाजारों और चाय की दुकानों पर लोग इस विषय को लेकर चर्चा करते नजर आए। हालांकि इस मामले में रबीन चंद्र मंडल ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा कि किस व्यक्ति या किन लोगों ने अत्यधिक उत्साह में उनका नाम दीवारों पर लिख दिया, इसके बारे में उन्हें अभी तक कुछ भी पता नहीं है।
फिलहाल तृणमूल कांग्रेस की ओर से खेजुरी विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवार के नाम की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन दीवारों पर लिखे गए नाम को लेकर इलाके में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं और राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है।
वहीं भाजपा के एक स्थानीय नेता ने इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी के अंदर आंतरिक गुटबाजी साफ दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि दीवारों पर नाम लिखवाने की घटनाओं से तृणमूल के भीतर चल रही खींचतान और मतभेद भी सामने आ रहे हैं।



