उप्साला (स्वीडन), 13 मार्च।
स्वीडन के धाकड़ पोल वॉल्टर आर्मंड डुप्लांटिस ने गुरुवार को एक बार फिर पोल वॉल्ट में इतिहास रचते हुए विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने उप्साला में हुए टूर्नामेंट में 6.31 मीटर की ऊँचाई पार कर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया।
26 वर्षीय डुप्लांटिस ने यह ऊँचाई पहले ही प्रयास में पार कर ली। इससे पहले उन्होंने क्रमशः 5.65 मीटर, 5.90 मीटर और 6.08 मीटर की ऊँचाई भी पहले प्रयास में ही पार की। इसके बाद उन्होंने विश्व रिकॉर्ड ऊँचाई 6.31 मीटर तय की और पहली ही कोशिश में सफल रहे।
डुप्लांटिस 2020 में 6.17 मीटर की छलांग के साथ इस रिकॉर्ड के मालिक बने थे और तब से लगातार इसे सुधारते आ रहे हैं। यह दूसरी बार है जब उन्होंने स्वीडन में विश्व रिकॉर्ड बनाया। जून 2025 में स्टॉकहोम में उन्होंने 6.28 मीटर की छलांग लगाई थी।
रिकॉर्ड बनाने के बाद डुप्लांटिस ने कहा कि अपने देश में यह उपलब्धि हासिल करना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि वह अपने लिए, परिवार के लिए और स्वीडन के लोगों के लिए कूदते हैं।
प्रतियोगिता में नॉर्वे के सोंद्रे गुट्टोरम्सेन 6.00 मीटर की छलांग के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं ग्रीस के इमैनुएल करालिस 6.00 मीटर पार करने में तीनों प्रयासों में असफल रहे।
अब डुप्लांटिस मार्च के अंत में पोलैंड के तोरुन में होने वाली वर्ल्ड इनडोर चैंपियनशिप में अपने नए विश्व रिकॉर्ड को और बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे।



