नई दिल्ली, 10 मार्च।
भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) ने टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के लिए 131 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक इनामी राशि देने की घोषणा की है। यह राशि टी-20 विश्व कप जीत के लिए बोर्ड द्वारा घोषित की गई अब तक की सबसे बड़ी पुरस्कार राशि मानी जा रही है।
इससे पहले वर्ष 2024 में जब भारतीय टीम ने बारबाडोस में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था, तब बीसीसीआई ने 125 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की थी। इस बार सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया, जिसके बाद बोर्ड ने इनामी राशि को और बढ़ाने का निर्णय लिया।
बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक वक्तव्य में कहा कि भारतीय टीम को आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन और खिताबी जीत के लिए 131 करोड़ रुपये की इनामी राशि प्रदान की जाएगी। भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप जीतने की उपलब्धि हासिल की और प्रतियोगिता के इतिहास में ऐसा करने वाली पहली टीम बन गई। इसके साथ ही भारत तीन बार टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली भी पहली टीम बन गया है, जिससे सीमित ओवरों के इस प्रारूप में उसकी मजबूत स्थिति और अधिक सुदृढ़ हो गई है।
बीसीसीआई ने खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और चयनकर्ताओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने की उम्मीद जताई है।



