सिलीगुड़ी, 26 फरवरी 2026।
उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। झटकों का असर जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग क्षेत्रों के साथ-साथ कोलकाता तक महसूस किया गया। दोपहर से पहले आए इस भूकंप के बाद कई लोग घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। मौसम और भूकंप विज्ञान विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
मौसम एवं भूकंप विज्ञान विभाग के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 मापी गई। इसका केंद्र सिक्किम क्षेत्र में जमीन के करीब दस किलोमीटर नीचे बताया गया। भूकंप के झटके सुबह 11 बजकर 34 मिनट पर महसूस किए गए। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।
पर्यटन सीजन होने के कारण दार्जिलिंग और सिक्किम के पहाड़ी इलाकों में बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद हैं। अचानक आए झटकों के बाद कई पर्यटक और स्थानीय लोग एहतियात के तौर पर होटल और भवनों से बाहर निकल आए। हाल के दिनों में सिक्किम क्षेत्र में लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं, जिससे लोगों में चिंता बनी हुई है।
फिलहाल इस भूकंप से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतने की सलाह दी है।


