जयपुर, 07 मार्च 2026।
राजस्थान में शनिवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए जिससे लोगों में कुछ समय के लिए डर का माहौल बन गया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.5 मापी गई। सबसे ज्यादा असर सीकर जिले और आसपास के क्षेत्रों में देखा गया। हालांकि झटके हल्के होने के कारण कहीं से भी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का केंद्र जयपुर से लगभग 69 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में धरती से करीब पांच किलोमीटर की गहराई में स्थित था। सुबह लगभग 6:30 बजे आए इस भूकंप के झटके कुछ सेकंड तक ही महसूस हुए।
जानकारी के अनुसार सीकर जिले के खाटूश्यामजी, पलसाना, धींगपुर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने धरती में हल्का कंपन महसूस किया। झटके महसूस होते ही कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप के झटके लगभग एक-दो सेकंड तक महसूस किए गए।
पलसाना क्षेत्र के कई लोगों ने बताया कि भूकंप के दौरान उनके घरों के खिड़की और दरवाजे भी हल्के रूप से हिलने लगे थे, जिससे लोग सतर्क हो गए थे। फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



