हैदराबाद, 03 मार्च 2026।
एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2026 क्वालीफायर के लिए कोरिया और वेल्स की महिला हॉकी टीमें हैदराबाद पहुंच चुकी हैं। आठ देशों के इस टूर्नामेंट का आयोजन 8 से 14 मार्च तक किया जाएगा, जिसमें से तीन टीमें बेल्जियम और नीदरलैंड्स में आयोजित होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।
कप्तान ली यूरी की अगुआई में कोरिया की टीम नौ विश्व कप अभियानों का अनुभव अपने साथ लेकर आई है। टीम एक बार फिर विश्व स्तर पर वापसी करते हुए अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, 1990 में जीते गए कांस्य पदक, को दोहराने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
दूसरी ओर, वेल्स की टीम 2025 यूरोहॉकी चैम्पियनशिप-II में उपविजेता रहने के बाद बेहतरीन लय में नजर आ रही है। वेल्स की निगाहें 1983 के बाद पहली बार विश्व कप में जगह बनाने पर टिकी हैं और इसी लक्ष्य के साथ वह इस क्वालीफायर में हिस्सा लेगा।
इस प्रतियोगिता में कोरिया को पूल-ए में इंग्लैंड, इटली और ऑस्ट्रिया के साथ रखा गया है। वहीं वेल्स की टीम पूल-बी में भारत, स्कॉटलैंड और उरुग्वे से भिड़ेगी।



