काठमांडू, 06 मार्च।
नेपाल के हिमालयी जिला डोल्पा में दुर्गम इलाकों से मतपेटियां मुख्यालय तक पहुँचाने में कठिनाई आ रही है। सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियां जमा करने में जिला मुख्यालय दुनै तक 24 घंटे का समय लगा। जिले के स्थायी और अस्थायी कुल 70 मतदान केंद्रों से मतपेटियां एकत्र कर मुख्य निर्वाचन अधिकृत के कार्यालय में जमा कर दी गई हैं। अब पांच हेलीकॉप्टरों की मदद से मतदान में तैनात सभी कर्मचारियों को भी मुख्यालय लाया जाएगा।
प्रमुख जिला अधिकारी जुनु हमाल ढकाल ने बताया कि भौगोलिक रूप से दुर्गम, सड़क नेटवर्क से बाहर और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मतपेटियों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से मुख्यालय तक पहुँचाया गया। उन्होंने कहा कि शुरू में योजना थी कि शुक्रवार दोपहर तक सभी मतपेटियां पहुंच जाएं, लेकिन तेज हवा के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान प्रभावित हुई और देरी हुई।
शुक्रवार सुबह तक त्रिपुरासुन्दरी गाउँपालिका, ठूलीभेरी नगरपालिका, काइके गाउँपालिका और मुड्केचुला गाउँपालिका के मतदान केंद्रों से मतपेटियां मुख्यालय तक पहुंचाई जा चुकी थीं। उन्होंने कहा कि पहले चरण में सभी मतपेटियां मुख्यालय तक पहुँच चुकी हैं।
अब दूसरे चरण में पांच हेलीकॉप्टरों की मदद से मतदान में तैनात सभी कर्मचारियों को भी मुख्यालय लाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकृत के कार्यालय के अनुसार सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियां एकत्र हो जाने के बाद सर्वदलीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक के बाद ही मतगणना शुरू करने का समय तय किया जाएगा।



