नई दिल्ली, 12 मार्च।
भारतीय ओलंपिक संघ ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ओलंपिक संघों से इस वर्ष ओलंपिक दिवस के अवसर पर विशेष पौधरोपण अभियान चलाने का आग्रह किया है। इस अभियान का लक्ष्य प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में 2036 पौधे लगाने का रखा गया है।
आईओए की अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा कि यह पहल ओलंपिक आंदोलन की पर्यावरण सुरक्षा और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही यह देशभर के लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए ओलंपिक दिवस को सार्थक रूप से मनाने के लिए प्रेरित करेगी। यह देशव्यापी अभियान अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की ‘ओलंपिक फॉरेस्ट’ पहल के अनुरूप है और 2036 पौधों का रोपण हरित और टिकाऊ भविष्य के प्रति ओलंपिक आंदोलन की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ओलंपिक संघों को निर्देश दिया गया है कि वे स्थानीय खेल संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, खिलाड़ियों, युवा समूहों और सरकारी एजेंसियों के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाएं। पौधरोपण कार्यक्रम खेल परिसरों, स्कूलों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित किए जा सकते हैं। आईओए ने अनुरोध किया है कि संबद्ध इकाइयाँ अपने कार्यक्रमों की रिपोर्ट और तस्वीरें साझा करें, ताकि पूरे देश में इस अभियान की जानकारी ओलंपिक दिवस समारोह के हिस्से के रूप में दिखाई जा सके।



