तेहरान/हमेदान, 03 मार्च 2026
आईआरजीसी की चेतावनी- ‘दुश्मन अब अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं’
ईरान ने अमेरिका और इजराइल के साथ चल रहे टकराव के बीच कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि उसके विरोधी अब दुनिया के किसी भी कोने में सुरक्षित नहीं रहेंगे। ईरान की अर्धसैनिक इकाई इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने एक बयान जारी कर कहा कि हालिया हमलों के बावजूद देश की ताकत कमजोर नहीं हुई है।
सरकारी प्रसारक इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (आईआरआईबी) की रिपोर्ट के मुताबिक आईआरजीसी ने कहा कि देश के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई और अन्य शीर्ष अधिकारियों की मौत ने ईरान को “कमजोर नहीं, बल्कि पहले से अधिक मजबूत” बनाया है।
बयान में कहा गया, “दुश्मन को यह समझ लेना चाहिए कि उसके अच्छे दिन अब समाप्त हो चुके हैं। वे अब दुनिया में कहीं भी सुरक्षित नहीं रहेंगे, यहां तक कि अपने घरों में भी नहीं।” आईआरजीसी ने दोहराया कि ईरान की लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक “दुश्मन को पूरी तरह पराजित नहीं कर दिया जाता।”
हमेदान में सड़कों पर उतरे समर्थक
पश्चिमी ईरान के शहर हमेदान में खामेनेई की मौत के बाद उनके समर्थक बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शनकारी शोक व्यक्त करते हुए सरकार के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, जुलूसों और सभाओं के माध्यम से लोग अपनी भावनाएं प्रकट कर रहे हैं।
तेजी से बदलती परिस्थितियों के बीच ईरान में जहां एक तरफ शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं दूसरी ओर सैन्य और कूटनीतिक मोर्चों पर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।


