नई दिल्ली, 27 फरवरी 2026।
राउज एवेन्यू कोर्ट ने आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित सभी 23 आरोपितों को बरी कर दिया है। अदालत के फैसले के बाद केजरीवाल ने कहा कि सत्य की जीत हुई है और वह भ्रष्ट नहीं हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि अदालत ने उनकी ईमानदारी पर मुहर लगाई है।
मनीष सिसोदिया ने भी फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि देश के संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान पर उन्हें गर्व है। उन्होंने कहा कि सत्य की एक बार फिर जीत हुई है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि सत्य हमेशा जीतता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की अदालत के फैसले ने सच्चाई को सामने ला दिया है और समय के साथ अन्य मामलों की सच्चाई भी सामने आएगी।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर कहा कि अदालत के फैसले से साबित हो गया कि सत्ता में बैठे कुछ लोगों ने साजिश रचकर केजरीवाल और सिसोदिया को बदनाम करने की कोशिश की।
केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि उनके परिवार ने हमेशा ईमानदारी से जीवन जिया है और उनका उद्देश्य देश के विकास में योगदान देना है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए उनके परिवार पर झूठे आरोप लगाए गए और इस कठिन समय में समर्थन देने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया।



