राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री कोंकणा सेन शर्मा की आगामी थ्रिलर फिल्म 'एक्यूज्ड' को लेकर दर्शकों में उत्साह बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले फिल्म का आधिकारिक ऐलान किया गया था और अब निर्माताओं ने इसकी रिलीज डेट भी साझा कर दी है। फिल्म में 'लापता लेडीज' से चर्चा में आईं अभिनेत्री प्रतिभा रांटा भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगी।
निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर दोनों अभिनेत्रियों का दमदार पोस्टर जारी कर फिल्म के डिजिटल प्रीमियर की जानकारी दी। अनुभूति कश्यप के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी सीमा अग्रवाल और यश केसवानी ने लिखी है।
नेटफ्लिक्स पर प्रीमियर
थ्रिलर ड्रामा 'एक्यूज्ड' का डिजिटल प्रीमियर 27 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर होगा। पोस्टर के साथ शेयर किए गए कैप्शन में लिखा है, "मीरा अपनी सपनों भरी जिंदगी जी रही है। क्या एक राज उसकी जिंदगी को बुरे सपने में बदल देगा?" कोंकणा सेन शर्मा डॉ. गीतिका की भूमिका निभा रही हैं, जबकि प्रतिभा रांटा मीरा के किरदार में हैं। कहानी ऐसे रहस्य के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सामान्य जीवन को अचानक भयावह मोड़ पर ले जाता है।
टीजर को मिली प्रतिक्रिया
हाल ही में जारी टीजर दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। सस्पेंस और भावनात्मक टोन से भरी झलक ने दर्शकों की जिज्ञासा बढ़ा दी है। कोंकणा की गंभीर स्क्रीन प्रेज़ेंस और प्रतिभा की मासूमियत के पीछे छिपा तनाव फिल्म को एक मजबूत थ्रिलर के रूप में पेश करता दिख रहा है।



