मुंबई, 25 फरवरी 2026
प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने के करीब एक महीने बाद गायक अरिजीत सिंह ने पहली बार अपनी बात सार्वजनिक रूप से साझा की है। उनके बयान से जहां कुछ स्थिति साफ हुई है, वहीं आखिरी लाइन ने प्रशंसकों की जिज्ञासा और बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि कोई नहीं जानता कि आगे क्या होने वाला है।
अरिजीत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा संदेश साझा करते हुए स्पष्ट किया कि फिलहाल वह नए गाने स्वीकार नहीं कर रहे हैं, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि उनकी आवाज अब सुनाई नहीं देगी। उन्होंने बताया कि उनके कई अधूरे प्रोजेक्ट अभी भी बाकी हैं, जो आने वाले समय में जारी होते रहेंगे।
गायक के अनुसार उनके पास पहले से रिकॉर्ड किए गए और अधूरे पड़े गानों की लंबी सूची है। ये गाने इस वर्ष और संभवतः अगले वर्ष तक लगातार रिलीज होते रहेंगे। ऐसे में उनके प्रशंसकों के लिए उनकी आवाज सुनने का सिलसिला फिलहाल जारी रहेगा।
अरिजीत ने अपने श्रोताओं के प्रति आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि यह संदेश केवल उन लोगों के लिए है जो उन्हें सुनते हैं। उन्होंने फैंस के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए इस कठिन दुनिया में उनकी दयालुता की सराहना की।
अपने फैसले को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने प्रशंसकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की बहस या सफाई देने में समय न गंवाएं। उन्होंने कहा कि बार-बार समझाने से बेहतर शांति बनाए रखना है। साथ ही उन्होंने लोगों को ध्यान, आत्म-देखभाल और आंतरिक शांति पर ध्यान देने की सलाह दी।
अपने संदेश के अंत में 'जय देवी' लिखते हुए अरिजीत ने जोड़ा, "वैसे, कौन जानता है कि आगे क्या होने वाला है।" उनकी इस पंक्ति ने प्रशंसकों के बीच नई अटकलों को जन्म दे दिया है। फिलहाल यह साफ है कि अरिजीत सिंह पूरी तरह संगीत से दूर नहीं जा रहे हैं, लेकिन उनके भविष्य को लेकर सस्पेंस अभी भी बना हुआ है।



