नई दिल्ली, 06 फरवरी (हि.स)।
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। वैश्विक बाजारों में बिकवाली के दबाव और आरबीआई की मौद्रिक नीति के फैसले से पहले निवेशकों की सतर्कता के चलते सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट देखने को मिल रही है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 212.16 अंक या 0.25 प्रतिशत टूटकर 83,101.77 के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 82.25 अंक या 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,560.55 के स्तर पर चल रहा है।
सेंसेक्स की 30 में से 16 कंपनियों के शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि 14 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले। इसी तरह निफ्टी की 50 कंपनियों में से 17 शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं, जबकि 33 शेयरों में कमजोरी बनी हुई है।
गौरतलब है कि इससे पहले कारोबारी सत्र में बीएसई का सेंसेक्स 503 अंक या 0.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83,313 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, एनएसई का निफ्टी भी 113 अंक या 0.52 प्रतिशत फिसलकर 25,642 पर बंद हुआ था।



