नई दिल्ली, 27 फ़रवरी।
घरेलू शेयर बाजार में सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन शुरुआती सत्र में कमजोरी का रुख देखने को मिला। बाजार ने हल्की गिरावट के साथ शुरुआत की। आरंभिक मिनटों में खरीदारी का प्रयास हुआ, लेकिन प्रमुख सूचकांकों की दिशा में कोई ठोस बदलाव नहीं आ सका। कुछ ही देर में बिकवाली का दबाव हावी हो गया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में गिरावट और गहरा गई। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 0.57 प्रतिशत और निफ्टी 0.66 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
प्रमुख शेयरों में इंफोसिस, टेक महिंद्रा, ट्रेंट लिमिटेड, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और विप्रो के शेयर 1.32 प्रतिशत से 0.41 प्रतिशत तक की मजबूती के साथ कारोबार करते दिखाई दिए। इसके विपरीत मारुति सुजुकी, श्रीराम फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, मैक्स हेल्थकेयर और कोल इंडिया के शेयर 1.44 प्रतिशत से 1.12 प्रतिशत तक की गिरावट में रहे।
कारोबार के दौरान कुल 2,603 शेयरों में सक्रिय लेनदेन हो रहा था। इनमें 907 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में, जबकि 1,696 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 6 शेयर मजबूती में और 24 शेयर गिरावट में रहे। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 11 शेयर बढ़त में और 39 शेयर कमजोरी में कारोबार कर रहे थे।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 28.13 अंक की गिरावट के साथ 82,220.48 अंक पर खुला। शुरुआती खरीदारी के बावजूद सूचकांक लाल निशान से बाहर नहीं निकल पाया। बिकवाली तेज होने के कारण सेंसेक्स 82,000 अंक के स्तर से नीचे फिसल गया। सुबह 10 बजे तक यह 467.18 अंक गिरकर 81,781.43 अंक पर पहुंच गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 36.70 अंक की कमजोरी के साथ 25,459.85 अंक पर खुला। शुरुआती सुधार के बाद भी बिकवाली बढ़ने से यह 25,400 अंक के स्तर से नीचे आ गया। सुबह 10 बजे तक निफ्टी 167.15 अंक की गिरावट के साथ 25,329.40 अंक पर कारोबार कर रहा था।
इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 27.46 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,248.61 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 14.05 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,496.55 अंक पर बंद हुआ था।



