नई दिल्ली, 03 मार्च 2026।
होली के पर्व के चलते घरेलू शेयर बाजार में आज अवकाश है। देश के विभिन्न हिस्सों में 03 और 04 मार्च को होली मनाई जा रही है, लेकिन शेयर बाजार में 03 मार्च को ही अवकाश घोषित किया गया है।
बीएसई और एनएसई के वार्षिक अवकाश कैलेंडर के मुताबिक होली के कारण आज किसी प्रकार की ट्रेडिंग नहीं होगी। कमोडिटी बाजार की बात करें तो मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में सुबह के सत्र में कारोबार बंद रहेगा, जबकि शाम के सत्र में सामान्य रूप से ट्रेडिंग होगी। यानी शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक एमसीएक्स पर अन्य दिनों की तरह लेन-देन जारी रहेगा।
स्टॉक एक्सचेंज के अवकाश कैलेंडर के अनुसार मार्च माह में शनिवार और रविवार की साप्ताहिक छुट्टियों के अतिरिक्त तीन और दिन बाजार बंद रहेगा। आज के अवकाश के बाद 26 मार्च को श्रीरामनवमी और 31 मार्च को महावीर जयंती के अवसर पर शेयर बाजार में छुट्टी रहेगी। इस तरह साप्ताहिक अवकाश के अलावा मार्च में कुल तीन ट्रेडिंग हॉलीडे निर्धारित हैं।
साल 2026 में स्टॉक एक्सचेंज ने कुल 16 ट्रेडिंग अवकाश घोषित किए हैं। इनमें से जनवरी में दो अवकाश हो चुके हैं। मार्च में तीन दिन बाजार बंद रहेगा, जबकि अप्रैल में 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे और 14 अप्रैल को डॉक्टर अंबेडकर जयंती के अवसर पर अवकाश रहेगा। मई में 1 मई को महाराष्ट्र दिवस और 28 मई को बकरीद के कारण बाजार बंद रहेगा। इसके बाद 26 जून को मोहर्रम के चलते स्टॉक मार्केट में अवकाश रहेगा।
जुलाई और अगस्त में कोई अतिरिक्त ट्रेडिंग अवकाश नहीं रहेगा। हालांकि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस होता है, लेकिन इस वर्ष यह शनिवार को पड़ने के कारण साप्ताहिक अवकाश में ही शामिल रहेगा। सितंबर में 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी पर बाजार बंद रहेगा। अक्टूबर में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और 20 अक्टूबर को दशहरा के अवसर पर अवकाश रहेगा। नवंबर में 10 नवंबर को दिवाली और 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के कारण ट्रेडिंग नहीं होगी। वर्ष का अंतिम ट्रेडिंग अवकाश 25 दिसंबर को क्रिसमस के दिन रहेगा।



