नई दिल्ली, 05 मार्च 2026।
घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का माहौल देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई, लेकिन बाजार खुलने के कुछ ही समय बाद बिकवाली का दबाव बनने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों की चाल कुछ देर के लिए कमजोर भी पड़ी। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों सूचकांक लाल निशान में जाने से पहले ही संभल गए। शुरुआती 15 मिनट के बाद खरीदारों ने जोरदार लिवाली की, जिससे बाजार में दोबारा तेजी लौट आई। पहले एक घंटे का कारोबार पूरा होने तक सेंसेक्स 0.45 प्रतिशत और निफ्टी 0.50 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे के कारोबार में बाजार के दिग्गज शेयरों में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, कोल इंडिया, ओएनजीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एनटीपीसी के शेयर 3.72 प्रतिशत से 2.39 प्रतिशत तक की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। दूसरी ओर अदानी एंटरप्राइज, मैक्स हेल्थकेयर, एचडीएफसी लाइफ, एचसीएल टेक्नोलॉजी और एटरनल के शेयर 1.03 प्रतिशत से 0.65 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
अब तक के कारोबार में शेयर बाजार में 2,724 शेयरों में सक्रिय ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,940 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में थे, जबकि 784 शेयर नुकसान के साथ लाल निशान में कारोबार करते दिखाई दिए। इसी तरह सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 शेयर लिवाली के समर्थन से हरे निशान में बने हुए थे, जबकि 12 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में थे। वहीं निफ्टी के 50 शेयरों में से 29 शेयर हरे निशान में और 21 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 414.29 अंक की बढ़त के साथ 79,530.48 अंक पर खुला। कारोबार शुरू होते ही खरीदारी के समर्थन से यह सूचकांक तेजी से उछलकर 79,666.46 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ने लगा, जिसके कारण शुरुआती 15 मिनट में सेंसेक्स गिरकर 79,227.16 अंक तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने फिर से लिवाली शुरू की और सूचकांक ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली। लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार पूरा होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 356.34 अंक की तेजी के साथ 79,472.53 अंक पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी 135.45 अंक की बढ़त के साथ 24,615.95 अंक पर खुला। बाजार खुलते ही खरीदारी के समर्थन से यह सूचकांक 24,656.70 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू होने से बिकवाली बढ़ी और पहले 20 मिनट में निफ्टी गिरकर 24,530.05 अंक तक आ गया। हालांकि यह गिरावट ज्यादा देर तक नहीं रही। खरीदारों ने दोबारा लिवाली शुरू की, जिससे सूचकांक में तेजी लौट आई। लगातार चल रही खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार पूरा होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 123.60 अंक की बढ़त के साथ 24,604.10 अंक पर कारोबार कर रहा था।
इससे पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 1,122.66 अंक यानी 1.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79,116.19 अंक पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 385.20 अंक यानी 1.55 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,480.50 अंक पर बंद हुआ था।



