नई दिल्ली, 11 मार्च।
घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार में दबाव देखने को मिला। बाजार ने शुरुआती तौर पर मिली-जुली शुरुआत की थी। खुलते ही खरीदारी से सेंसेक्स और निफ्टी में थोड़ी तेजी आई, लेकिन पहले पांच मिनट में ही बिकवाली का दबाव बन गया और दोनों सूचकांक लाल निशान में आ गए। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 0.49 प्रतिशत और निफ्टी 0.46 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
प्रमुख शेयरों में इंटरग्लोब एवियेशन, अदानी पोर्ट्स, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी और टाटा स्टील 2.20 प्रतिशत से 1.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं, कोटक महिंद्रा, मैक्स हेल्थकेयर, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और भारती एयरटेल 1.21 प्रतिशत से 1.03 प्रतिशत की कमजोरी में थे।
अभी तक 2,676 शेयरों में ट्रेडिंग हुई, जिनमें 2,096 शेयर हरे और 580 शेयर लाल निशान में थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 12 हरे और 18 लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। निफ्टी के 50 शेयरों में 21 हरे और 29 लाल निशान में थे।
बीएसई सेंसेक्स 32.93 अंक बढ़कर 78,238.91 पर खुला। शुरुआती पांच मिनट में यह 78,324.37 तक पहुंचा, लेकिन फिर बिकवाली के दबाव में गिरावट आई। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 380.65 अंक की कमजोरी के साथ 77,825.33 पर था।
एनएसई निफ्टी 29.75 अंक टूटकर 24,231.85 पर खुला। थोड़ी देर में यह 24,299 तक पहुंचा, लेकिन बिकवाली के कारण दोबारा लाल निशान में आ गया। सुबह 10 बजे तक निफ्टी 112.45 अंक कमजोर होकर 24,149.15 पर कारोबार कर रहा था।
पिछले दिन मंगलवार को सेंसेक्स 639.82 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78,205.98 पर बंद हुआ था। निफ्टी ने 233.55 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,261.60 पर कारोबार समाप्त किया था।



