नई दिल्ली, 25 फरवरी।
हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी का रुख बना रहा।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 504.90 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की तेजी के साथ 82,730.82 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 155.20 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,579.85 के स्तर पर ट्रेंड कर रहा था।
शुरुआती कारोबार में टेक क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी गई। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टीसीएस, इंफोसिस और एनटीपीसी के शेयरों में बढ़त दर्ज हुई। वहीं आयशर मोटर्स, मारुति सुजुकी, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और कोल इंडिया के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मंगलवार को शेयर बाजार में गिरावट रही थी। सेंसेक्स 1,068.74 अंक यानी 1.28 प्रतिशत टूटकर 82,225.92 अंक पर बंद हुआ था, जबकि एनएसई निफ्टी 228.35 अंक यानी 1.12 प्रतिशत लुढ़ककर 25,424.65 अंक पर बंद हुआ था।



