पूर्व मेदिनीपुर, 16 फरवरी।
नंदीग्राम-1 और नंदीग्राम-2 ब्लॉक में आयोजित ‘सेवाश्रय’ स्वास्थ्य शिविर औपचारिक रूप से समाप्त होने के बावजूद चिकित्सा सेवाएं जारी हैं। शिविर से रेफर किए गए 14 मरीजों का निजी नेत्र चिकित्सालय में नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कर सफल इलाज किया गया।
मॉडल स्वास्थ्य शिविर 15 से 30 जनवरी तक आयोजित किए गए थे। बुजुर्गों की आंखों की जांच के दौरान कई मरीजों को विशेष उपचार और सर्जरी की सलाह दी गई थी। नंदीग्राम-2 की आरती बेरा की आंखों में गंभीर समस्या पाई गई, जिनका लेजर सर्जरी से सफल उपचार किया गया।
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि नंदीग्राम की जनता ने जो भरोसा जताया है, उसे निभाना उनका कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि ‘सेवाश्रय’ शिविर में सामान्य जांच से लेकर विशेषज्ञ उपचार और फॉलो-अप तक की व्यवस्था की गई थी। भविष्य में नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र के हर इलाके में इसी मॉडल पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।



