काठमांडू, 05 मार्च 2026।
नेपाल में जारी मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए गृह मंत्रालय की उच्चस्तरीय टीम लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है। गृह मंत्री ओमप्रकाश अर्याल, गृह सचिव राजकुमार श्रेष्ठ, सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी चुनाव से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था की सीधे मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
गृहमंत्री के निजी सचिव पर्शुराम पोखरेल के अनुसार यह टीम गृह मंत्रालय के केंद्रीय कंट्रोल रूम में मौजूद रहकर देशभर के सभी निर्वाचन क्षेत्रों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या सुरक्षा चुनौती से तुरंत निपटने के उद्देश्य से गृह मंत्रालय ने केंद्रीय कंट्रोल रूम स्थापित किया है। यहां से देश के विभिन्न जिलों, मतदान केंद्रों और सुरक्षा इकाइयों से लगातार सूचनाएं प्राप्त की जा रही हैं।
सुरक्षा एजेंसियों से मिल रही रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक होने पर तुरंत निर्देश जारी किए जा रहे हैं। शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाली सेना को पूरे देश में तैनात किया गया है।
गृह मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि रियल-टाइम मॉनिटरिंग व्यवस्था के कारण चुनाव के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई करना संभव हो रहा है।



