डिब्रूगढ़, 16 मार्च।
असम विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा होते ही राज्य में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। परिसीमन के बाद नवगठित 87 नंबर चाबुवा-लाहोवाल विधानसभा क्षेत्र में भी चुनावी सक्रियता बढ़ गई है। क्षेत्र पुनर्निर्धारित होने के बाद पूर्व के चाबुवा क्षेत्र के साथ विलुप्त हुए लाहोवाल का हिस्सा जोड़कर चाबुवा-लाहोवाल विधानसभा क्षेत्र बनाया गया। चुनाव के नजदीक आते ही डिब्रूगढ़ जिले की 87 नंबर चाबुवा-लाहोवाल सीट चर्चा का केंद्र बन गई है।
वर्तमान में लाहोवाल का प्रतिनिधित्व भाजपा विधायक विनोद हजारिका कर रहे हैं, जबकि चाबुआ का प्रतिनिधित्व अगप विधायक पोनाकन बरुवा कर रहे हैं। दोनों नेता जनता के काम में प्रभावी हैं। ऐसे माहौल में यह चर्चा है कि इस बार चाबुवा-लाहोवाल में भाजपा या अगप किस दल से चुनाव लड़ेगी। अभी तक गठबंधन ने स्पष्ट नहीं किया है, जिससे दोनों दलों के विधायकों के बीच टकराव बढ़ रहा है। क्षेत्र में अपनी ताकत दिखाने के लिए दोनों नेता प्रतियोगिता में जुट गए हैं। वहीं कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता पवन सिंह घाटोवार के पुत्र प्रांजल घाटोवार को टिकट दिया है।
इस बीच मुख्यमंत्री के आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने आए भाजपा विधायक विनोद हजारिका ने मोरान में मीडिया से कहा कि इस बार भाजपा ही चाबुवा-लाहोवाल से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि अगप-भाजपा मित्र दल हैं, इसलिए सहयोग जारी रहेगा।
भाजपा के उम्मीदवार होने की पुष्टि हो चुकी है। वर्तमान अगप विधायक पोनाकन बरुवा को राज्यसभा भेजा जाएगा, यह बात अगप अध्यक्ष अतुल बोरा ने कही। दोनों दलों के बीच बातचीत पहले ही हो चुकी है। हजारिका ने कहा कि उन्होंने अब तक तीन बार भाजपा से विधायक रहे हैं और कभी पार्टी में आवेदन नहीं किया। इस बार भी पार्टी की सोच अच्छी होगी, उम्मीद है सकारात्मक निर्णय आएगा।


