गुवाहाटी, 16 मार्च।
असम में विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पूर्व विधायक और असम गण परिषद (अगप) के वरिष्ठ नेता भूपेन राय सोमवा ने सोमवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होकर नया राजनीतिक अध्याय शुरू किया। गुवाहाटी स्थित असम प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
भाजपा में शामिल होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने भूपेन राय सोमवा का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा, नीति और आदर्शों के अनुरूप काम करते हुए भूपेन राय संगठन को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर असम सरकार के मंत्री जयंत मल्ल बरुवा और सांसद प्रदान बरुवा सहित कई अन्य भाजपा नेता उपस्थित थे। सभी नेताओं ने भूपेन राय के पार्टी में शामिल होने को संगठन के लिए सकारात्मक कदम बताया।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भूपेन राय सोमवा को अभयापुरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। हालांकि पार्टी की ओर से इस बारे में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार, विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही अन्य दलों के कई नेता भी भाजपा में शामिल होने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में हैं। इससे आने वाले दिनों में असम की राजनीति में और हलचल बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि असम विधानसभा का चुनाव आगामी 9 अप्रैल को एक ही चरण में होने जा रहा है। चुनाव की तारीख नजदीक आते ही राज्य में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और नेताओं के दल-बदल का दौर भी जारी है।



