भोपाल, 11 मार्च।
छत्रपति शिवाजी महाराज के वीर पुत्र छत्रपति संभाजी महाराज का बलिदान दिवस बुधवार को पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी उन्हें याद करते हुए उनके अदम्य साहस, नीति-कौशल और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण को नमन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए छत्रपति संभाजी महाराज को राष्ट्र का महान वीर बताया। उन्होंने कहा कि धर्म और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले इस महान योद्धा का जीवन देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि धर्म की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले मराठा गौरव छत्रपति संभाजी महाराज के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटिशः नमन। उन्होंने कहा कि संभाजी महाराज के शौर्य, पराक्रम और बलिदान की गौरवगाथा सदैव देशवासियों को प्रेरित और गौरवान्वित करती रहेगी।



