गुना, 28 फरवरी।
जिले में आज से दो दिवसीय संभागीय पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। स्थानीय मानस भवन में आयोजित इस प्रदर्शनी में पॉलीहाउस में तैयार किए गए उत्कृष्ट और अंतरराष्ट्रीय स्तर के गुलाब विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि आयोजन उद्यानिकी विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शहरी सौंदर्य, हरित संस्कृति और उद्यानिकी आधारित उद्यमिता को प्रोत्साहित करते हैं।
प्रदर्शनी में विभिन्न श्रेणियों में पुष्पों का मूल्यांकन कर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें गमला श्रेणी, एकल पुष्प (कट फ्लावर) श्रेणी और व्यावसायिक कट फ्लावर (20 पुष्प) श्रेणी शामिल हैं। प्रत्येक श्रेणी को व्यक्तिगत, संस्थागत और व्यवसायिक वर्गों में विभाजित किया गया है।
उद्यान उपसंचालक केपीएस किरार ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने टेरेस गार्डन, किचन गार्डन या निजी उद्यान में उगाए गए उत्कृष्ट पुष्पों को कम से कम आधा से एक फीट लंबी डंडी सहित अथवा पूरे गमले के साथ सुबह 11 बजे तक प्रदर्शनी स्थल पर प्रस्तुत करें। विद्यालय, सामाजिक संस्थाएं और व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी अपने आकर्षक प्रादर्श इसमें शामिल कर सकते हैं।
उत्कृष्ट प्रविष्टियों को प्रथम और द्वितीय पुरस्कार के रूप में प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। साथ ही उद्यानिकी विशेषज्ञ शहरी बागवानी, पॉलीहाउस तकनीक और पुष्प उत्पादन पर मार्गदर्शन देंगे। प्रदर्शनी आज शाम 4 बजे से आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी तथा 1 मार्च को पूरे दिन अवलोकन किया जा सकेगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर रंग-बिरंगे और सुगंधित पुष्पों का आनंद लें तथा स्थानीय उत्पादकों का उत्साहवर्धन करें।



