20 फ़रवरी,
मध्य प्रदेश के सिहोरा तहसील में गुरुवार देर रात दो समुदायों के बीच विवाद के बाद पथराव शुरू हो गया। कहासुनी से शुरू हुआ मामला मारपीट में बदल गया और दोनों तरफ से पत्थरबाजी हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए आंसूगैस के गोले दागे। इसके बाद स्थिति शांत हुई और तनाव पर नियंत्रण स्थापित हो गया।
जानकारी के अनुसार, सिहोरा के आज़ाद चौक में दुर्गा मंदिर और मस्जिद आमने-सामने हैं। मंदिर में आरती चल रही थी और उसी समय मस्जिद में रमजान की तरावीह नमाज हो रही थी। इस दौरान मामूली बहस बढ़कर उपद्रव में बदल गई। आरोप है कि मंदिर की ग्रिल क्षतिग्रस्त हुई, वहीं मस्जिद पक्ष ने भी तोड़फोड़ का आरोप लगाया।
शहर से अतिरिक्त पुलिस बल सिहोरा भेजा गया है। पुलिस गली-गली पेट्रोलिंग कर रही है और हर प्रमुख स्थान पर तैनात है। सूचना मिलने पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सिहोरा में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी धार्मिक स्थल को नुकसान नहीं पहुंचा है और किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। पुलिस ने पर्याप्त बल तैनात किया है और नागरिकों से अफवाहों से बचने की अपील की गई है।



