शाजापुर, 25 फरवरी।
मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर बुधवार सुबह चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक धू-धूकर जलने लगा। चालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद से फॉर्च्यून और कैटरिंग का सामान लेकर बिहार जा रहा ट्रक सुबह करीब आठ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलते-चलते अचानक धुआं छोड़ने लगा और कुछ ही देर में आग भड़क गई। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम, कोतवाली थाना पुलिस, यातायात पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा।
करीब तीन से चार दमकल गाड़ियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ट्रक में रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आग इतनी भीषण थी कि लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



