भोपाल, 16 मार्च।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा सोमवार को सुबह 11 बजे से राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जनसंपर्क अधिकारी लक्ष्मण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, विभिन्न जनप्रतिनिधि तथा समाज के प्रबुद्धजन आमंत्रित किए गए हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि वर्ष के दौरान सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है। राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों की समृद्धि और खुशहाली को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के साथ-साथ उद्यानिकी, मत्स्य पालन, सहकारिता और पशुपालन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि जनप्रतिनिधि इन योजनाओं को किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक कृषि, उद्यानिकी और मत्स्य पालन विभाग का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री अपने संबोधन में किसान कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों के साथ साझा करेंगे। साथ ही संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी विभागीय प्रस्तुतिकरण देंगे और उपस्थित लोगों के प्रश्नों का समाधान भी करेंगे।



