कोलंबो, 25 फरवरी।
आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए निर्णायक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 61 रन से पराजित कर टी20 विश्व कप 2026 से बाहर कर दिया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को जीवित रखा, जबकि सह-मेजबान श्रीलंका का अभियान समाप्त हो गया।
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 168 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम 107 रन पर सिमट गई और मुकाबला 61 रन से गंवा बैठी।
घरेलू सरजमीं पर खिताब जीतने की उम्मीद लगाए श्रीलंका को शुरुआत में ही झटका लगा, जब मैट हेनरी ने पारी की पहली गेंद पर पथुम निसांका को बोल्ड कर दिया। कामिंदु मेंडिस और दुनिथ वेल्लालागे को छोड़ अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे, जिससे टीम दबाव से उबर नहीं सकी।
न्यूजीलैंड की पारी में भी शुरुआती लड़खड़ाहट देखने को मिली और 84 रन तक छह विकेट गिर चुके थे। ऐसे समय में कप्तान मिचेल सैंटनर ने 26 गेंदों पर 47 रन की तेजतर्रार पारी खेली। उन्होंने कोल मैककॉन्ची के साथ 84 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
गेंदबाजी में रचिन रवींद्र ने चार ओवर में 27 रन देकर चार विकेट हासिल किए। उन्होंने कुसल मेंडिस, पवन रत्नायके, दासुन शनाका और दुशन हेमंता को आउट कर मैच का रुख न्यूजीलैंड की ओर मोड़ दिया। रवींद्र ने बल्ले से भी 32 रन का योगदान दिया।
इस सर्वांगीण प्रदर्शन के साथ न्यूजीलैंड ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि श्रीलंका का विश्व कप सफर यहीं समाप्त हो गया।



