नोएडा, 13 मार्च।
नोएडा पुलिस ने अमेरिका और अन्य विदेशी नागरिकों से ओटीटी प्लेटफॉर्म बेचने के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है और इस मामले में कंपनी के मालिक सहित छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि निरीक्षक हरवीर सिंह और उनकी टीम ने बीती रात सेक्टर-2 में छापेमारी कर मोहसिन खान, नौशाद, सुनील, मोहम्मद शमी, सेफ राजा और इरफान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि ये लोग सी-66 सेक्टर-2 में अवैध कॉल सेंटर चला रहे थे।
इस कॉल सेंटर के माध्यम से अमेरिका और अन्य देशों के नागरिकों को अमेजॉन प्राइम, हॉटस्टार, नेटफ्लिक्स सहित अन्य ओटीटी प्लेटफॉर्म के लाइव स्ट्रीमिंग चैनल बेचने के नाम पर ठगी की जाती थी। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह का सरगना मोहसिन खान है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से पांच कंप्यूटर सीपीयू, एक लैपटॉप सहित अन्य उपकरण बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि इनके पास डीओटी, ट्राई या किसी रेगुलेटरी अथॉरिटी का कोई लाइसेंस नहीं था।


.jpg)
