कोलकाता, 13 मार्च।
हावड़ा जीआरपी जिले के सैंथिया जीआरपी थाना के बोलपुर चौकी पुलिस ने एक यात्री का खोया हुआ ट्रॉली बैग बरामद कर उसका सामान उसके वास्तविक मालिक को लौटाया। बैग में सोने के गहनों के साथ अन्य कीमती सामान भी रखा हुआ था।
रेल पुलिस के अनुसार, गुरुवार को बोलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को एक लावारिस ट्रॉली बैग मिला। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने बैग के मालिक का पता लगाया। जांच में यह सामने आया कि बैग महाराष्ट्र के पुणे निवासी मौमिता चौधरी का था, जो गुरुवार को डाउन एनजेपी वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार हुई थीं।
सैंथिया जीआरपी थाना की ओर से महिला को इस बारे में सूचित किया गया। पूरी तरह सत्यापन के बाद शुक्रवार को उनका ट्रॉली बैग उन्हें सौंप दिया गया। बैग में दो सोने की चेन (लगभग 30 ग्राम), एक सोने का पेंडेंट, एक जोड़ी सोने की बालियां और 12–14 साड़ियां सहित अन्य सामान मौजूद था।
अपने कीमती सामान वापस मिलने पर मौमिता चौधरी ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।



