प्रयागराज, 17 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की जान चली गई। घटना फूलपुर थाना क्षेत्र के पिड़ौना परसा का पूरा गांव की है, जहां खेत से घर लौट रही सीमा देवी गुप्ता को एक तेज रफ्तार और बेकाबू पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
परिवार के अनुसार, सीमा देवी सुबह खेत पर काम करने गई थीं और लौटते समय यह हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषी चालक को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



