प्रयागराज, 14 फ़रवरी।
उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के करेली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि करेली थाना क्षेत्र के नयापूरा मोहल्ले में नूर कैफे चौराहे के पास अमित कुशवाहा (40) को बदमाशों ने गोली मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोली लगी अमित को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में पता चला कि यह वारदात दो व्यक्तियों के बीच पहले हुए विवाद के बाद हुई।
घटना में अमित कुशवाहा के बांए हाथ में गोली लगी है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।



