नई दिल्ली, 14 मार्च 2026।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर केंद्र सरकार पर किसानों से किए गए वादे को पूरा न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 2021 में किसानों से सी2+50 प्रतिशत के आधार पर कानूनी एमएसपी देने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है।
राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर लोकसभा में पूछे गए प्रश्न साझा करते हुए सरकार से पूछा कि क्या 2021 में विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों से सभी फसलों के लिए विधिक गारंटी वाला न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू करने का वादा किया गया था। यदि ऐसा नहीं किया गया है, तो सरकार इसे लागू न कर पाने के कारण क्या हैं।
इसके अलावा उन्होंने सरकार से यह भी पूछा कि क्या उत्पादन घाटे का सामना कर रही दालों और तिलहन जैसी फसलों की सीधी खरीद पर विचार किया गया है और यदि किया गया है, तो उससे संबंधित विवरण क्या है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार इन प्रश्नों का स्पष्ट उत्तर देने से बच रही है और किसानों से किए गए वादे को पूरा नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों और एमएसपी व्यवस्था की रक्षा के लिए संसद में और बाहर लगातार आवाज उठाती रहेगी।



