नई दिल्ली, 13 फ़रवरी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय कार्यालय में केरल से आए 115 पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल के साथ शुक्रवार को संवाद किया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि तिरुवनंतपुरम के महापौर वीवी राजेश के साथ आए इन जनप्रतिनिधियों के लिए तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई है। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर संगठन को सशक्त बनाना और सुशासन की नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करना है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि केरल में इतनी बड़ी संख्या में भाजपा पार्षदों का चुनकर आना राज्य में परिवर्तन की आहट है। यह नई सुबह का संकेत है, जो केरल में बड़े बदलाव की ओर ले जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से केरल ऐसी स्थिति में था जिसमें विकास और अवसरों की कमी थी और हिंसक राजनीति ने जनता को पीछे धकेला। अब इस नई सुबह के साथ विकसित और सुरक्षित केरल का निर्माण होगा। विकसित भारत के साथ, विकसित केरल बनेगा और भाजपा आगामी समय में बड़ी भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्र प्रथम की विचारधारा और विकसित केरल के संकल्प के साथ निष्ठावान कार्यकर्ता हर बूथ पर कमल खिलाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ संकल्पित हैं।
इस अवसर पर केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और दिल्ली के महापौर राजा इकबाल भी उपस्थित रहे।



