झांसी, 12 फरवरी।
झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ महानगर के सुगम यातायात को लेकर सांसद अनुराग शर्मा ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक में सांसद ने संसदीय क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान सांसद अनुराग शर्मा ने झांसी शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने हेतु हंसारी रोड पर फोर-लेन रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेलमंत्री को बताया कि हंसारी क्षेत्र में जाम की समस्या से जनता को काफी कठिनाई होती है, इसलिए इस प्रोजेक्ट की शीघ्र वित्तीय स्वीकृति और निर्माण कार्य की शुरुआत नितांत आवश्यक है।
साथ ही सांसद ने ललितपुर की रेल सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए वहां 'कोच वाशिंग पिट लाइन' की स्थापना की मांग की, ताकि ट्रेनों की सफाई और रखरखाव स्थानीय स्तर पर बेहतर ढंग से किया जा सके।
क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों को ध्यान में रखते हुए सांसद ने प्रमुख स्टेशनों पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव पर भी रेलमंत्री से सार्थक वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और जनता की सुविधाओं के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।
इस शिष्टाचार भेंट के दौरान मुरैना लोकसभा के सांसद शिव मंगल सिंह तोमर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। रेलमंत्री ने सभी विषयों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।



