नई दिल्ली।
आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने सोमवार को ऑस्ट्रेलियाई टीम में बदलाव की मंजूरी दे दी। टीम के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड एड़ी की चोट से उबर रहे हैं और टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह स्टीव स्मिथ को शामिल किया गया है।
स्मिथ हाल ही में श्रीलंका पहुंचे और रविवार को टीम के अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। उन्हें पहले सलामी बल्लेबाज मिच मार्श के कवर के तौर पर जोड़ा गया था, जो अंडकोष की चोट के कारण शुरुआती मैच नहीं खेल पाए थे। मार्श अब पूरी तरह फिट हैं और आज रात पल्लेकेले स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में वापसी करने की कोशिश करेंगे।
ग्रुप-बी में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल जिम्बाब्वे से हार के बाद तीसरे स्थान पर है। सुपर-आठ में पहुंचने के लिए उसे बाकी दोनों मैच जीतने होंगे। आईसीसी नियमों के अनुसार, किसी भी टीम में बदलाव के लिए इवेंट टेक्निकल कमेटी की मंजूरी जरूरी है।
स्मिथ वर्तमान में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने बिग बैश लीग में सिडनी सिक्सर्स के लिए छह मैचों में 299 रन बनाए, जिसमें उनका चौथा शतक भी शामिल है। अब वह टीम के 15 सदस्यीय स्क्वाड का हिस्सा बन गए हैं और मार्श को किसी भी स्थिति में रिप्लेस कर सकते हैं।



